लखनऊ। अगर आप चाहते हैं कि आपका दिल स्वस्थ रहकर धड़कता रहे तो रोजाना कम से कम 10 हजार कदम चलना जरूरी है। केजीएमयू में लारी कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. शरद चंद्रा ने बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी के कन्वेंशन सेंटर में हुई प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।
डॉ. शरद चंद्रा ने बताया कि दिल की बीमारियों की स्थिति और इलाज की नई तकनीक पर नेशनल इंटरवेंशन काउंसिल की ओर से तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस हो रहा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका शुभारंभ करेंगे। कॉन्फ्रेंस में दुनिया भर से करीब एक हजार हृदय रोग विशेषज्ञ आने वाले हैं। डॉ. शरद ने बताया कि दिल की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इसकी बड़ी वजह खानपान और खराब जीवनशैली है। इसी वजह से कम उम्र में भी लोग बीमार हो रहे हैं और दिल का दौरा पड़ रहा है।
कम करें मोटापा
लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग के डॉ. अखिल शर्मा ने बताया कि मोटापे पर काबू करके दिल की बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है। इसके लिए नई दवाएं भी आई हैं। दिल की अच्छी सेहत के लिए फास्ट फूड से तौबा करना चाहिए।
फास्ट फूड व कोल्डड्रिंक से करें तौबा
लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग के डॉ. गौरव चौधरी ने बताया कि फास्ट फूड और कोल्डड्रिंक दिल की बीमारी की बड़ी वजह बन रहे हैं। इनमें फैट, शुगर और नमक की मात्रा ज्यादा होती है। हमारी सेहत के लिए ये खतरनाक हैं। ये शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ाकर दिल को बीमार बनाते हैं। संतुलित आहार लेकर हम शरीर के साथ ही दिल की सेहत को भी दुरुस्त रख सकते हैं।
दिल के सुकून के लिए पर्याप्त नींद जरूरी
लोहिया संस्थान में कॉर्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि दिल की बीमारी से बचने के लिए पर्याप्त नींद बेहद जरूरी है। अधूरी नींद से तनाव बढ़ता है, जिससे दिल की समस्या पैदा होती है। दिल के मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर नियमित दवा लेनी चाहिए। इसमें लापरवाही बरतने पर समस्या हो सकती है।