लखनऊ। भारतीय वोवीनाम संघ ने विश्व वोवीनाम महासंघ के तत्वावधान में मास्टर्स राष्ट्रीय तकनीकी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। यह आयोजन ख्वाजा मोइनुद्दीन भाषा विश्वविद्यालय के सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वियतनामी मार्शल आर्ट के जन्मदाता नयूगन लाक को स्मरण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
सदस्य परिषद मुकेश शर्मा, पवन सिंह चौहान कुलपति अजय तनेजा ने शिविर का शुभारंभ किया। संघ राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग और महासचिव शंकर महाबले भी इस अवसर पर उपस्थित थे। प्रवीण गर्ग ने बताया कि यह छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में देश के 21 राज्यों से वरिष्ठ खिलाड़ी, प्रशिक्षक और तकनीकी अधिकारी भाग ले रहे हैं। वे एशियाई ओलंपिक परिषद से मान्यता प्राप्त वोवीनाम मार्शल आर्ट की उच्च तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। वियतनाम से विश्व वोवीनाम महासंघ की तकनीकी समिति के निदेशक मास्टर हुइन्ह खाक नयूगन प्रशिक्षण देंगे।
तकनीकी समिति के प्रशिक्षक मास्टर फाम ची थिन्ह भी प्रतिभागियों को आत्मरक्षा तकनीक, प्रतियोगिता नियम और निर्णायक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। यह शिविर कंबोडिया में नवंबर में होने वाली एशियाई प्रतियोगिता की तैयारियों को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया है। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी जानकारी मिलेगी। उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों से भी अवगत कराया जाएगा। शिविर के दौरान छह जून को बेल्ट परीक्षा होगी। सात जून को मास्टर्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।