भारत निर्वाचन आयोग ने विधान परिषद के दो सदस्यों की रिक्त सीटों पर चुनाव कराने की घोषणा की है। विधान परिषद सदस्य बनवारी लाल दोहरे के निधन और लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के इस्तीफा देने की वजह से ये सीटें रिक्त हुई थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आयोग ने इस सीटों पर होने वाले चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन सीटों पर विधान सभा के सदस्य मतदान करेंगे।
एमएलसी चुनाव की अधिसूचना 11 मई को जारी होगी। वहीं, 18 मई को नामांकन, जबकि 19 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नाम वापसी की तिथि 22 मई निर्धारित की गयी है। दोनों सीटों पर चुनाव के लिए मतदान एवं मतगणना 29 मई को होगी। इस दौरान कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा। बताते चलें कि लक्ष्मण प्रसाद आचार्य की सदस्यता 30 जनवरी 2027 तक, जबकि बनवारी लाल की सदस्यता 6 जुलाई 2028 तक थी। भाजपा के लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सिक्किम का राज्यपाल बनने के बाद विगत 15 फरवरी को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वहीं भाजपा एमएलसी बनवारी लाल दोहरे का 15 मई को हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया था।