फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छावनी परिषद के चुनाव में 56 फीसदी मतदान

Mon, 12 Jan 2015 01:26 AM IST
निशांत कुमार यादव/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
रविवार को दिनभर सूर्यदेव के दर्शन भले ही न हुए हों और न्यूनतम तापमान साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस रहा हो लेकिन छावनी परिषद चुनाव में मतदाताओं पर इसका कोई खास असर नहीं दिखा।
विज्ञापन


यहां गर्मजोशी के साथ लोग कड़ाके की सर्दी में न सिर्फ अपने घरों से बाहर निकले बल्कि लंबी कतारों में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग भी किया। आठ वार्डों के लिए हुए मतदान में 56 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले।

मतदाताओं में सबसे ज्यादा जोश वार्ड संख्या एक में दिखा जहां 63 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तोपखाना बाजार और केंद्रीय विद्यालय दिलकुशा सहित कुछ मतदान केंद्रों पर शाम पांच बजे के बाद तक मतदाताओं की लंबी लाइन लगी रही। वार्ड संख्या-दो, पांच और आठ में प्रत्याशियों के बीच धक्कामुक्की और झड़पें भी हुईं।
विज्ञापन


छावनी परिषद के आठ वार्र्डों के लिए 49 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनमें 21 महिलाएं और 28 पुरुष प्रत्याशियों के भाग्य आजमाने चुनावी रणभूमि में उतरे थे। समूची छावनी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए थे। पुलिस और सेना की मौजूदगी में मतदाताओं ने खूब उत्साह दिखाया।

पांच वार्डों में 50 फीसदी से भी ज्यादा मतदान

छावनी के 38,160 मतदाताओं में से 56 प्रतिशत ने इसमें हिस्सा लिया। आठ में से पांच वार्डों में मतदान 50 प्रतिशत से अधिक रहा। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में सबसे अधिक उत्साह दिखा तो वहीं बुजुर्ग और महिला मतदाताओं का जोश भी देखने लायक था।

केंद्रीय विद्यालय दिलकुशा, रजमन बाजार, आरए बाजार हाईस्कूल, केंद्रीय विद्यालय एएमसी, बड़ी लालकुर्ती, नेहरू रोड सामुदायिक केंद्र, सेना भर्ती मुख्यालय, हरीचंद्र इंटर कॉलेज, उर्दू मिशन स्कूल, संस्कृत पाठशाला जूनियर हाईस्कूल और संस्कृत पाठशाला कन्या इंटर कॉलेज में दिन भर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी रही। हालांकि फर्जी मतदान के मामले  भी सामने आए।

वार्ड संख्या-सात के उर्दू मिशन स्कूल और वार्ड-आठ के संस्कृत पाठशाला कन्या इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान होने के कई मामले देखे गए। एक मतदाता का टेंडर वोट डलवाया गया।

पिछली बार से दो फीसदी कम मतदान
सुबह ठंड के कारण गलियों में सन्नाटा था लेकिन मतदान का समय शुरू होते ही सड़कें और पोलिंग बूथ मतदाताओं से गुलजार हो गए। छावनीवासियों को पहली बार ईवीएम से अपने प्रतिनिधियों को चुनने का मौका मिला था। पिछले चुनावों की अपेक्षा दो फीसदी मतदान कम हुआ।

हालांकि पिछली बार जब वर्ष 2008 में चुनाव हुए थे तो मई का महीना था। 14 मई को वोट डाले गए थे और तब 58 फीसदी वोट पड़े थे। इस बार ठंड के लिहाज से देखा जाए तो मतदाताओं ने ज्यादा जोश दिखाया।
विज्ञापन

कहां पड़े कितने वोट

वार्ड संख्या--प्रतिशत (2015)--प्रतिशत (2008)
1--63.01--50
2--49--53
3--57.83--59

4--51.15--48
5--56.45--57
6--47.68--65
7--61.64--57
8--62.21--64

मतदाताओं को ढोते मिले पांच वाहन जब्त
मतदाताओं को उनकेघर से मतदान केंद्र तक लाने और प्रचार सामग्री इस्तेमाल करने पर पुलिस ने तीन प्रत्याशियों और एक सैन्य कर्मी के वाहन समेत कुल पांच कारों को जब्त कर लिया।

वार्ड-दो में प्रत्याशी प्रमोद शर्मा, साधना जग्गी और एक सैन्य कर्मी और वार्ड संख्या-आठ में वोटरों को मतदान केंद्र पर ले जा रही प्रत्याशी सरिता मिश्रा की कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें