प्रदेश में जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य के चौथे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए गुरुवार को वोट डाले जाएंगे। 2.74 करोड़ मतदाता 108922 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
इसमें जिला पंचायत के 704 वार्डों के लिए 11687 उम्मीदवार हैं जबकि 191 क्षेत्र पंचायतों के 18522 वार्डों के लिए 97235 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव संबंधी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।
आयोग ने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव के लिए 42749 मतदान स्थल बनाए हैं। अंतिम चरण के चुनाव में 58.9 प्रतिशत पुरुष जबकि 41.1 फीसदी महिला प्रत्याशी हैं।
चुनाव से जुड़े अधिकारियों को दी कड़ी हिदायत
आयोग ने पिछले चरण के चुनावों में बूथ कैप्चरिंग व हिंसा की घटनाओं को देखते हुए चुनाव से जुड़े अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने कहा है कि चुनाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चौथाई उम्मीदवार अंगूठा टेक, 34 फीसदी पांचवीं पास
जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत के अंतिम चरण के चुनावों के लिए एक चौथाई उम्मीदवार अंगूठा टेक हैं। आंकड़ों के मुताबिक 24.89 फीसदी उम्मीदवार निरक्षर हैं जबकि जबकि 34.32 प्रतिशत सिर्फ प्राइमरी पास।
जूनियर हाईस्कूल पास उम्मीदवारों की संख्या 13.07 फीसदी, हाईस्कूल 8.9 प्रतिशत, इंटरमीडिएट 8.63 प्रतिशत, स्नातक 7.72 प्रतिशत, परास्नातक 2.45 प्रतिशत तथा पीएचडी मात्र 0.02 फीसदी हैं।