लखनऊ मेयर संयुक्ता भाटिया ने अपने परिजनों के साथ वोट किया।
- फोटो : amar ujala
प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर सोमवार को हुए उपचुनाव में 47.05 प्रतिशत मतदान हुआ। सहारनपुर की गंगोह सीट पर सबसे ज्यादा 60.30 प्रतिशत और लखनऊ की कैंट सीट पर सबसे कम 29.55 प्रतिशत मतदान हुआ।
इन सभी सीटों पर 2012 और 2017 विधानसभा चुनाव की तुलना में मतदान प्रतिशत काफी कम है। भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा समेत कुल 109 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। मतगणना 24 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से होगी।
चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान का दावा किया है। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। 11 सीटों के लिए 2307 मतदान केंद्रों के 4529 बूथों पर सुबह 7 से शाम छह बजे तक वोट डाले गए। गंगोह, मानिकपुर, जलालपुर और जैदपुर को छोड़कर शेष सीटों पर सुबह से ही मतदान की रफ्तार धीमी रही।
शाम 6 बजे तक 41 लाख 8 हजार 328 मतदाताओं में से करीब 19 लाख 32 हजार 968 मतदाताओं ने वोट डाले। उपचुनाव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान के लिए 11 सामान्य प्रेक्षक, 337 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 60 जोनल मजिस्ट्रेट, 471 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 520 माइक्रो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई थी। 429 संवेदनशील बूथों पर वेबकॉस्टिंग की गई।