डीजल की आपूर्ति नहीं होने से पिछले तीन दिनों में लखनऊ से दिल्ली, गोरखपुर व इलाहाबाद की नौ वॉल्वो बसें कैंसिल कर दी गई हैं। बता दें कि परिवहन निगम की कार्यशालाओं में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के पंप से वोल्वो बसों को डीजल नहीं मिल रहा है। अनुबंधित बस स्वामियों को मजबूरन बस सेवाएं रद्द करनी पड़ रही हैं।
बसें रद्द होने से यात्रियों को भयंकर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है, वहीं रोडवेज को भी नुकसान हो रहा है। डीजल नहीं मिलने से नाराज अनुबंधित बस मालिकों ने सोमवार को प्रबंध निदेशक से मुलाकात की। एमडी ने कहा कि डिपो से ही डीजल लेने का आदेश निरस्त होना चाहिए अन्यथा पूरी व्यवस्था की जानी चाहिए। गौरतलब है कि गत 30 सितंबर, एक अक्तूबर व दो अक्तूबर को छुट्टियां होने से डीजल पंपकर्मी गायब रहे। इसलिए स्कैनिया व वोल्वो में बाहर से डीजल भरवाया गया।