इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद के प्रान्तीय मीडिया प्रभारी शरद कहते हैं कि ट्रस्ट की घोषणा संसद के अंदर पीएम मोदी ने कर दी है। सबकी आशा है कि राम मंदिर न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ट्रस्ट के अध्यक्ष हो सकते हैं। हालांकि फैसला सरकार को ही करना है।
उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि रामलला का भव्य और दिव्य मंदिर सामने आएगा। ट्रस्ट में शामिल सदस्यों को लेकर उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन में शामिल होने वाले सभी लोगों को ट्रस्ट में शामिल किया जाना चाहिए।
शरद ने कहा कि संतों की इस आंदोलन में बड़ी भूमिका रही है। ऐसे तमाम संत हैं, जो ट्रस्ट में शामिल हो सकते हैं। लेकिन ट्रस्ट का दायरा तय करने का काम गृह विभाग का है।
सरकार का कदम स्वागत योग्य, ट्रस्ट का गठन जल्द हो: सत्येंद्र दास
राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने कहा कि सरकार को चाहिए कि जल्द से जल्द ट्रस्ट बना दें और मंदिर निर्माण शुरू हो। हमें खुशी है कि सरकार ने ट्रस्ट बनाने का एलान कर दिया है। उम्मीद है जल्द ही इसका गठन कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण शुरू हो तो कई ऐसे रामभक्त हैं, जो इसमें धन देने को तैयार बैठे हैं।