रामजन्मभूमि न्यास के सदस्य महंत नृत्यगोपाल दास महाराज के 81वें जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को मणिरामदास की छावनी में आयोजित विराट संत सम्मेलन में जुटे संतों ने कहा कि अब देरी न हो, रामलला शीघ्र टेंट से आजाद हों। एक वर्ष के भीतर अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू हो जाना चाहिए। वहीं, सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे ज.गु.रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य ने संतों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगली बार जब हम महंत नृत्यगोपालदास जी के जन्मोत्सव में आएंगे, तो राम मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका होगा। आगामी 6 दिसंबर को हम किसी निर्णायक परिस्थिति का दर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी जी की भी प्रतिज्ञा है कि जब राम मंदिर बन जाएगा, तभी वह अयोध्या आएंगे।