यूपी बैडमिंटन संघ की वार्षिक बैठक में चुनी गई कार्यकारिणी के सदस्य
लखनऊ। उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ की वार्षिक सामान्य बैठक शुक्रवार को यूपी बैडमिंटन अकादमी में आयोजित की गई। बैठक के दौरान संघ की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चुनाव संपन्न कराया गया। सेवानिवृत्त जिला जज और चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर हरिमंगल सिंह की निगरानी में हुए चुनाव में विराज सागर दास को सर्वसम्मति से चेयरमैन बनाया गया है। इसके अलावा पूर्व आईएएस नवनीत सहगल को एसोसिएशन का अध्यक्ष और सुधर्मा सिंह को सचिव बनाया गया है, जबकि रवींद्र चौहान एसोसिएन के कोषाध्यक्ष बने। बैठक से पहले संघ के संयुक्त सचिव राजेश सक्सेना और कार्यकारी सदस्य अनिल कुमार ध्यानी के आकस्मिक पर शोक व्यक्त किया गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय और खेल निदेशालय से क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अतुल सिन्हा शामिल हुए।