राजधानी की शिक्षिका विनीता को मिलेगा राज्य अध्यापक पुरस्कार
लखनऊ। शासन ने सोमवार को बेसिक शिक्षा परिषद के राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों की सूची जारी की है। इस वर्ष लखनऊ से शिक्षिका विनीता को यह पुरस्कार मिलेगा। विनीता वर्तमान में गोसाईंगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय अमेठी उर्दू में तैनात हैं। विनीता ने सीतापुर के महोली से प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय खैराबाद से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। कानपुर यूनिवर्सिटी से बीए और बीएड करने के बाद डायट खैराबाद से बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त किया। उनकी नियुक्ति दो जुलाई 2009 को रेउसा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मंगलपुरवा में हुई थी। 2012 में अंतर्जनपदीय स्थानांतरण से उनका तबादला गोसाईंगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय काजीखेड़ा बघौली में हुआ। 2019 में उन्हें प्राथमिक विद्यालय अमेठी उर्दू, गोसाईंगंज में तैनाती मिली। विनीता को बेसिक शिक्षा में काम करते हुए 17 वर्ष हो गए हैं। वह कक्षा तीन की कक्षाध्यापिका हैं और कक्षा चार व पांच में अंग्रेजी पढ़ाती हैं। उन्होंने बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने वाले टीएलएम बनाए हैं। संवाद)
विनीता की उपलब्धियां
खो खो विद्यालय से लेकर नेशनल स्तर तक खेला है। कला क्रॉफ्ट और रंगोली में कई पुरस्कार मिले हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उन्हें मिशन शक्ति व नोडल सम्मान प्राप्त हुआ। इसी अवसर पर उपनिदेशक डॉ मुकेश सिंह द्वारा प्रशस्ति पत्र भी मिला। राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है।