अयोध्या भूमि विवाद पर फैसला आने के बाद पहली बार रामलला के दर्शन करने पहुंचे भाजपा के पूर्व सांसद विनय कटियार ने कहा कि अब समय आ गया है कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का एक भव्य और दिव्य मंदिर बने। निर्माण में समय लगता है पर अब मंदिर जरूर बनेगा। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होगा।
रामलला के दर्शन पर उन्होंने कहा कि दर्शन काफी सुखद रहे। हमने रामलला से आशीर्वाद मांगा कि जल्द से जल्द मंदिर निर्माण पूरा हो। वहीं, मंदिर के लिए ट्रस्ट बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि इसका स्वरूप कैसा होगा ये तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तय करेंगे। जो ट्रस्ट पहले था और अभी भी काम कर रहा है उसी में थोड़ा बदलाव कर सरकारी ट्रस्ट बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर के लिए रामभक्तों ने काफी संघर्ष किया है अब जंजाल से मुक्ति मिलेगी। रामलला के दर्शन करने पर अब सुखद अनुभूति हो रही है।