लखनऊ। आदिगुरु लालाजी महाराज के जन्मोत्सव पर आयोजित आदि शक्ति महोत्सव के एकात्म अभियान के तहत श्री रामचंद्र मिशन ने राजधानी व बाराबंकी के 100 से ज्यादा ग्राम प्रधानों को सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। ग्राम प्रधानों ने सहमति दी कि वह एकात्म अभियान को अपने गांवों में भी लागू करेंगे।
वैश्विक स्तर पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में आदि शक्ति महोत्सव का रविवार को आयोजन हुआ, जिसमें राजधानी लखनऊ में मानसिक विकास से जुड़े ध्यान व प्राणायाम समेत नाट्य प्रस्तुति पेश की गई। इस दौरान लखनऊ के बीकेटी, मॉल, मलिहाबाद, चिनहट, काकोरी, गोसाईगंज, सरोजनी नगर व मोहनलालगंज ब्लॉक के अलावा बाराबंकी के कुल 100 से ज्यादा ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। हार्टफुलनेस की जोनल कोऑर्डिनेटर शालिनी मेहरोत्रा ने बताया कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से मध्य प्रदेश के बाद उत्तर प्रदेश के साथ ही महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, राजस्थान और गुजरात में एकात्म अभियान का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।