लखनऊ। बसंतकुंज योजना के सेक्टर ए में ग्रामीणों के विरोध के बाद आखिरकार 272 आवंटियों को भूखंड पर कब्जा दिलाने में एलडीए टीम को सफलता मिलती दिख रही है। अधिकारियों के आश्वासन पर किसान का विरोध थम गया है, जिसके बाद मंगलवार को एलडीए टीम ने विकास कार्य शुरू कर दिया।
दुबग्गा के छंदुईय्या गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर ग्रामीणों व एलडीए में विवाद चल रहा था। सोमवार शाम ग्रामीणों की ओर से लखनऊ पश्चिम के पूर्व विधायक प्रत्याशी अंजनी श्रीवास्तव, भारतीय किसान उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष फिरोज अहमद व अन्य सदस्यों ने एलडीए ऑफिस में अधिकारियों से वार्ता की थी। वार्ता में ग्रामीणों की मांगों पर सहमति जताते हुए अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि गांव की आबादी को योजना से पृथक करते हुए विकास कार्य किए जाएंगे। सड़क भी 12 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी।
वहीं, मुआवजा की समस्या को कोर्ट के माध्यम से हल किया जाएगा। जिस पर दोनों पक्ष ने सहमति जताई। साथ ही अधिकारियों ने इसे लिखित में भी देने को कहा, जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध समाप्त कर दिया। मंगलवार को एलडीए टीम ने गांव में जाकर विकास कार्य शुरू किए, जिसमें सबसे पहले गांव के चारों तरफ सड़क बनाने का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान एलडीए टीम भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रही।