नगराम। घटिया सड़क निर्माण को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने हंगामा कर काम बंद करा दिया। इसकी जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे पीडब्लूडी के इंजीनियरों ने कई जगह के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। साथ ही ठेकेदार को चेतावनी देते हुए अपनी मौजूदगी में काम शुरू कराया। नगराम-गंगागंज मार्ग से शिवपुरा, हयात नगर कल्यान खेड़ा होते हुए घोड़सारा तक सड़क जाती है। लगभग तीन किमी लंबी इस सड़क का निर्माण 15 साल पहले लोक निर्माण विभाग खंड दो लखनऊ ने कराया था। आज यह सड़क जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण का काम शुरू कराया।
ग्रामीण अनुराग वर्मा, आयुष पटेल, प्रदीप कुमार व पूर्व प्रधान शत्रोहन लाल सहित कई ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था के ठेकेदार घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस कारण डाली गई गिट्टी व डामर हाथों से उखड़ रही है। इससे नाराज ग्रामीणों ने हंगामा कर काम बंद करा दिया।
इस पर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अरविंद कुमार यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। आरोप सही पाए जाने पर ठेकेदार को फटकारते हुए फिर से सड़क का काम करावाया। जेई अरविंद कुमार यादव ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई की जाएगी।