तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम बरदेहरा निवासी रामकुमार पांडेय (55) रविवार बरदेहरा मोड़ आए थे। जहां सड़क पार करते समय भिनगा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने रामकमार को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद बाइक सवार वाहन सहित फरार हो गया।
एसएसबी व नेपाल एपीएफ ने की संयुक्त गश्त
श्रावस्ती। एसएसबी 62वीं वाहिनी सीमा चौकी ककरदरी व नेपाल एपीएफ की सीमा चौकी गंगापुर के जवानों ने रविवार सीमा पर संयुक्त गश्त की। इसके बाद समन्वय बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। एसएसबी सीमा चौकी ककरदरी के प्रभारी उपनिरीक्षक लाबजंग सोनम व नेपाल एपीएफ गंगापुर के उप निरीक्षक खरग बहादुर थापा के नेतृत्व में सीमा स्तंभ संख्या 641 से 640 तक संयुक्त गश्त कर सीमा स्तंभ व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान सीमा स्तंभ संख्या 640/6 के पास ककरदरी गांव में दोनों जवानों के मध्य काउंटर पार्ट समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीमा पर नियमित संयुक्त गश्त करने, नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने, जंगली जानवरों की तस्करी रोकने, सूचनाओं का आदान-प्रदान करने, सीमा स्तंभ की देखभाल करने, सीमा पर अतिक्रमण रोकने व मैत्री खेल प्रतियोगिता के आयोजन पर चर्चा हुई। इस मौके पर दोनों देशों के जवान मौजूद रहे।