लखनऊ। जंक्शन स्टेशन पर शुक्रवार सुबह गोरखपुर से विजिलेंस की टीम के अचानक पहुंचने से ऊहापोह की स्थिति पैदा हो गई। ज्यादा शुल्क वसूलने की शिकायत को लेकर टीम ने कैबवे संचालक से पूछताछ की। उधर, संचालक ने बेवजह दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए रेलवे अफसरों से इसकी शिकायत की है।
कैबवे संचालक व यात्रियों के बीच आए दिन टिकट को लेकर कहासुनी होती है। टीम ने पूछताछ के बाद कैबवे संचालक को हिदायत दी। सूत्र बताते हैं कि टीम का कहना था कि कैबवे संचालक पुष्पक सहित वीआईपी ट्रेनों के आने पर एक ओर से ऑटो चालकों से टिकट के पैसे नहीं लेता है। हालांकि, जब ऑटो, टैक्सी व निजी वाहन चालक लौटते हैं तो उनसे मोटी रकम वसूली जाती है। ज्यादा शुल्क वसूलने की भी शिकायतें आ रही हैं।
वहीं, कैबवे संचालक ने डीआरएम कार्यालय में अफसरों को दलील दी कि कैबवे चलवाने के एवज में रेलवे को मोटी रकम दी जाती है। ऐसे में बेवजह दबाव डालकर काम को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। यही होता रहा तो संचालन से हाथ पीछे खींच लिए जाएंगे।