अयोध्या। लखीमपुर खीरी स्थित ग्रीनफील्ड एकेडमी में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग में विद्या इंटरनेशनल एकेडमी, अयोध्या की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने अपने पहले मुकाबले में ओमैक्स सिटी, लखनऊ को 2-1 से हराया। दूसरे मैच में रैपिड ग्लोबल स्कूल, औरैया को सीधे सेटों में 2-0 से पराजित किया। इसके बाद सेमीफाइनल में मणिपाल पब्लिक स्कूल, लखनऊ को 2-1 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
खिताबी मुकाबले में विद्या इंटरनेशनल एकेडमी का सामना विद्याज्ञान, सीतापुर से हुआ। फाइनल में विद्याज्ञान ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि विद्या इंटरनेशनल एकेडमी उपविजेता रही।
टीम में छवि, शगुन, वैष्णवी, तनिष्का, प्रिंसी, श्रेया और निधि शामिल रहीं। टीम मैनेजर सिमरन गुप्ता व कोच बृजेश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।