विद्या ज्ञान और अमेनिटी पब्लिक स्कूल बने फुटबॉल चैंपियन
लखनऊ। बालिका वर्ग में विद्या ज्ञान स्कूल सीतापुर और बालक वर्ग में अमेनिटी पब्लिक स्कूल उत्तराखंड ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट कॉनकार्ड-2026 का खिताब जीता। सिटी मांटेसरी स्कूल (सीएमएस) स्टेशन रोड कैंपस की ओर से आयोजित पांच दिवसीय टूर्नामेंट का समापन शुक्रवार को हुआ।
सीएमएस जय जगत स्टेडियम में खेले गए बालिका वर्ग के फाइनल में विद्या ज्ञान स्कूल ने सीएमएस को 3-0 से हराया। विजेता टीम की ओर से एकता, नव्या और सोनम ने एक-एक गोल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए विद्या ज्ञान स्कूल की नव्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं चौक स्टेडियम में बालक वर्ग का फाइनल अमेनिटी पब्लिक स्कूल उत्तराखंड और मूनलाइट स्कूल नेपाल के बीच खेला गया। इसमें अमेनिटी पब्लिक स्कूल ने 2-1 से जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से फहीम और लक्ष्य ने गोल किए जबकि नेपाल की ओर से संदीप ने एकमात्र गोल किया। फहीम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले खेले गए बालक वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में मूनलाइट स्कूल नेपाल ने सीएमएस को पेनाल्टी शूटआउट में 4-1 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकी थीं। दूसरे सेमीफाइनल में अमेनिटी पब्लिक स्कूल ने तक्षशिला एकेडमी अंबेडकरनगर को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
टूर्नामेंट में ओमान, नेपाल और देश के विभिन्न राज्यों के विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर और सर्वोच्च स्कोरर सहित विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट की संयोजिका और सीएमएस स्टेशन रोड कैंपस की प्रधानाचार्या जुनू ठाकुर बिष्ट ने विजेताओं को बधाई दी।
विद्या ज्ञान और अमेनिटी पब्लिक स्कूल बने फुटबॉल चैंपियन
विद्या ज्ञान और अमेनिटी पब्लिक स्कूल बने फुटबॉल चैंपियन