राज्यपाल राम नाईक ने 14 नवंबर से विधानमंडल का शीतकालीन सत्र बुलाए जाने की मंजूरी दे दी है।
राज्यपाल की मंजूरी के बाद विधानसभा सचिवालय ने बृहस्पतिवार को इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी। सत्र के लगभग एक सप्ताह तक चलने के आसार हैं।
इस दौरान अनुपूरक बजट पास कराने के साथ-साथ कुछ विधेयकों को पास कराया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय व प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे के विदेश दौरे पर होने की वजह से अभी विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई है।
विधानसभा के विशेष सचिव राम बिहारी मिश्र ने बताया कि राज्यपाल ने 14 नवंबर से विधानमंडल सत्र आहूत किया है।
गौरतलब है कि 21 अक्तूबर को कैबिनेट की बैठक में विधानमंडल की बैठक बुलाने का निर्णय किया गया था।
विधानसभा सचिवालय के सूत्रों का कहना है कि सरकार की तरफ से अभी सत्र का विस्तृत कार्यक्रम नहीं भेजा गया है लेकिन इस बात के संकेत हैं कि सत्र संक्षिप्त ही रहेगा।