फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधान परिषद चुनाव : मोहित बेनीवाल भाजपा के सबसे अमीर प्रत्याशी, 27 करोड़ की संपत्ति के हैं मालिक

Mon, 11 Mar 2024 11:36 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

यूपी में विधान परिषद चुनाव के लिए सपा व एनडीए के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान सभी प्रत्याशियों ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा दिया।
विज्ञापन
नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा प्रत्याशी। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विधान परिषद चुनाव में भाजपा के सात प्रत्याशियों में प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल सबसे अमीर हैं। बेनीवाल ने नामांकन पत्र में 27 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का खुलासा किया है। उनके पास 8.52 करोड़ रुपये, उनकी पत्नी के पास 2.98 करोड़, एक आश्रित बच्चे के पास 2.98 करोड़ और दूसरे बच्चे के पास 1.71 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। बेनीवाल के पास 9.26 करोड़ और उनकी पत्नी के पास 3.56 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। बेनीवाल के पास एक राइफल व एक रिवाल्वर भी है।

विज्ञापन


दस करोड़ की संपत्ति के मालिक विजय बहादुर
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व दूसरी बार एमएलसी बनने जा रहे विजय बहादुर पाठक की संपत्ति में पांच साल में करीब पांच करोड़ रुपये की कमी आई है। पाठक ने सोमवार को दाखिल नामांकन पत्र में 10.75 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति होने का खुलासा किया है। उनके पास 93 लाख और उनकी पत्नी के पास एक करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। पाठक के पास मात्र 7,000 और पत्नी के पास 20 हजार रुपये नकद है। पाठक के पास 2,16,35,392 रुपये और पत्नी के पास 6,65,78,557 रुपये की अचल संपत्ति है। पाठक के पास एक रायफल व एक रिवाल्वर जबकि पत्नी के पास सिर्फ एक राइफल है। पाठक के पास 480 ग्राम और उनकी पत्नी के पास 750 ग्राम सोने के जेवरात हैं।

महेंद्र सिंह के पास ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति
पूर्व जल शक्ति मंत्री व भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह सवा दो करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। उन्होंने विधान परिषद चुनाव के नामांकन पत्र में 2.56 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा किया है। उनके पास 98,81,582 और पत्नी के पास 36,60,677 रुपये की चल संपत्ति है। उनके बेटे के पास 25,88,747 रुपये की चल संपत्ति है। महेंद्र सिंह के पास एक राइफल व एक रिवाल्वर है। उनकी पत्नी के पास 500 ग्राम, बेटे के पास 300 ग्राम और स्वयं के पास 100 ग्राम सोने के जेवरात हैं। महेंद्र सिंह के पास 47 लाख और उनकी पत्नी के पास 48 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।
विज्ञापन


अशोक कटारिया की संपत्ति डेढ़ करोड़ रुपये की
विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व परिवहन मंत्री अशोक कटारिया के पास कुल 1.70 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उन्होंने नामांकन पत्र में स्वयं के पास 43.13 लाख, पत्नी के पास 43.33 लाख और बेटे के पास 10 लाख रुपये की चल संपत्ति की घोषणा की।कटारिया के पास 74 लाख रुपये की अचल संपत्ति भी है। उनके खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाना में एक राजनीतिक मुकदमा दर्ज है।

विच्छेलाल पर चार, आशीष पर दर्ज हैं तीन मुकदमे
सुभासपा के एमएलसी प्रत्याशी विच्छेलाल पर चार मुकदमे दर्ज हैं। उनके पास एक मोटरसाइकिल है, जो उपहार में मिली थी। इसके अलावा 29 लाख रुपये कीमत की कृषि भूमि है। उनके बैंक खातों में 3.56 लाख रुपये और उनकी पत्नी के खाते में 2.37 लाख रुपये जमा हैं। वहीं, दोनों के पास करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी है।

धर्मेंद्र के पास तीन करोड़ से अधिक की संपत्ति
भाजपा के एमएलसी प्रत्याशी धर्मेंद्र सिंह के पास 1.50 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास एक लाख रुपये नकदी है। धर्मेंद्र सिंह के पास 8.59 लाख रुपये की चल संपत्तियां हैं। इसमें एक रिवाल्वर शामिल है। उनकी पत्नी के पास 29.81 लाख रुपये की चल संपत्तियां हैं, जिसमें 400 ग्राम सोना और दो किलो चांदी शामिल है। धर्मेंद्र के पास 3.25 करोड़ रुपये और पत्नी के पास 6.36 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां हैं। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

अपना दल प्रत्याशी आशीष पटेल के पास 15 एकड़ कृषि भूमि भी
अपना दल एस के प्रत्याशी व मंत्री आशीष पटेल पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। उनके पास 50 हजार और उनकी पत्नी व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पास 60 हजार रुपये की नकदी है। आशीष के पास 1.16 करोड़ और अनुप्रिया के पास 68.54 लाख रुपये की चल संपत्तियां हैं। उनके पास चित्रकूट में 15 एकड़ कृषि भूमि है। इसकी बाजार कीमत लगभग 58 लाख रुपये है। वहीं उनकी पत्नी के पास नई दिल्ली में 1.78 करोड़ रुपये कीमत का मकान है। आशीष के बैंक खाते में 2.93 लाख रुपये और उनकी पत्नी के खाते में 4.65 लाख रुपये हैं।

किरनपाल कश्यप के पास कोई आवास या कृषि योग्य भूमि नहीं
सपा के एमएलसी प्रत्याशी किरनपाल कश्यप के पास 22 हजार रुपये और उनकी पत्नी के पास 15 हजार रुपये नकदी है। किरनपाल के पास 2.26 लाख रुपये और पत्नी के पास 14.50 लाख रुपये की चल संपत्तियां हैं। उनके पास कोई आवास या भूमि नहीं है। जबकि उनकी पत्नी के पास 40 लाख रुपये कीमत का आवासीय भवन है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें