लखनऊ। 1971 युद्ध के वीरों, शहीदों व जांबाजों के सम्मान में नई दिल्ली से निकली विजय मशाल सोमवार को लखनऊ छावनी पहुंची, जहां में उसका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि कैंट में 1971 युद्ध के वीर जांबाजों और उनके परिजनों की उपस्थिति में मध्य यूपी सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल राजीव शर्मा ने विजय मशाल का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर एक स्मारक दौड़ और आर्मी बैंड द्वारा प्रदर्शन सहित विभिन्न कार्यक्रम हुए। लखनऊ से रवाना होने से पहले विजय मशाल उन्नाव और फतेहगढ़ सहित मध्य उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों का भ्रमण करेगी। मशाल के सम्मान में विभिन्न स्कूलों और विश्वविद्यालयों द्वारा कई कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इस भ्रमण के दौरान हमारे शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और 1971 के युद्ध के वीरता पुरस्कार विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।