आलमबाग। कृष्णानगर के कन्नौसी निवासी नीरज सिंह ने एक परिचित पर 38 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए 11 नवंबर को उसके घर के सामने सल्फास की गोली खा ली। उनके दोस्त ने उन्हें लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। नीरज ने बताया कि वर्ष 2025 में उनका परिचय एक युवक से हुआ था, जिसने फरवरी 2026 में उन्हें आर्मी कैंटीन में सप्लाई के कारोबार में निवेश कर लाभ कमाने को कहा। शुरुआत में दो लाख रुपये निवेश करने पर दो माह तक 50-50 हजार का मुनाफा मिला। भरोसा होने पर नीरज ने 36 लाख रुपये और निवेश कर दिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने मुनाफा देना और फोन उठाना बंद कर दिया। एसीपी कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि घटनास्थल उनके थाना क्षेत्र का नहीं है और पीड़ित ने अभी तक कोई तहरीर भी नहीं दी है।