विश्व हिंदू परिषद एक बार फिर मोदी सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी करने का काम कर रहा है। अलीगढ़ में हुई परिषद की प्रांतीय बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने गोरक्षकों को सीधे तौर पर किसी से न डरने की बात कही है।
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि गो रक्षकों को किसी के दबाव में आकर डरने की जरूरत नहीं हैं। वह निरंतर गोमाता की सेवा में लगे रहें। उन्होंने इस दौरान यह नारा भी दिया कि ‘हमें चाहिए हिंदू राष्ट्र ’।
बता दें कि पिछले दिनों गोरक्षकों की बढ़ती गुंडागर्दी की ख़बरों पर स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोरक्षकोंं को कानून हाथ में न लेने की अपील की थी।
आगरा रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को आयोजित विहिप की प्रांतीय बैठक में उन्होंने कहा कि परिषद के चारों तंत्र सत्संग, मातृ शक्ति, दुर्गा वाहिनी व बजरंग दल सभी संगठन से लोगों को जोड़ने के लिए कार्यकर्ता क्रियाकलाप करते रहें। दिसंबर में होने वाले बजरंग दल के कार्यक्रम में कम से कम देश के दो लाख युवाओं को जोड़ना है।
इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से संगठन के कार्य में प्रवास करना होगा। जिला कमेटी गोरक्षा, गो सेवा को हर इकाई में सक्रिय करने पर जोर दे। कार्यकर्ता कांवड़ सेवा आदि में भी अपनी भागीदारी निभाएं। इस दौरान उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को हिंदुत्व के लिए जागरूक करें।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में तोगड़िया ने कहा कि अलीगढ़ में चल रहीं मीट फैक्ट्रियां बंद कराई जाएंगी। कश्मीर से धारा 370 जल्द हटेगी और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण भी होगा। कश्मीर घाटी को सेना के हवाले कर पत्थरबाजों को गोली मारने के आदेश दिए जाएं, जिससे वहां के हालात में सुधार आ सके।
अमरनाथ तीर्थ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले पर कहा कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त के बाहर हैं। उन्होंने राम मंदिर पर भी तीखा रुख अपनाते हुए कहा कि राम मंदिर जल्द ही बनेगा।