लखनऊ। कचहरी परिसर के आसपास बेतरतीब वाहन बड़े हादसों को न्योता दे रहे हैं। कैसरबाग जाने के दो प्रमुख मार्गों का बड़ा हिस्सा अवैध पार्किंग की जद में है। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं, आग लगने पर दमकल वाहनों का पहुंचना मुश्किल हो सकता है। कचहरी परिसर के भीतर भी अग्निशमन और मूलभूत सुविधाओं के इंतजाम अधूरे नजर आए।
कचहरी के पास से कैसरबाग जाने के दो प्रमुख रास्ते हैं। एक रेजिडेंसी के करीब से और दूसरा ग्लोब पार्क के पास से जाता है। इस दोनों रास्तों पर करीब पांच सौ मीटर के दायरे में सड़क का आधे से अधिक हिस्सा बाइक और चार पहिया वाहनों के कब्जे में रहता है। वाहन बेतरतीब खड़े होने से दिन में कई बार जाम लगता है। पैदल राहगीरों को भी निकलने में मुश्किल होती है। कचहरी में रोजाना 20 हजार से अधिक लोग आते-जाते हैं। परिसर और बाहर बिजली के खुले तार भी आग की आशंका बढ़ाते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर 2:40 बजे रेजिडेंसी वाले रास्ते पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण जाम लगा था। बस और अन्य वाहन रेंगकर निकल रहे थे।
रोडवेज वर्कशॉप वाली सड़क बनी पार्किंग
रोडवेज वर्कशॉप के पास से ग्लोब पार्क वाले रास्ते को जोड़ने वाली सड़क बाइकों की पार्किंग बन गई है। इस मार्ग से वाहन से निकलना तो दूर पैदल निकलना भी दूभर है। बृहस्पतिवार की दोपहर 2:45 बजे पूरी सड़क बाइकों के कब्जे में दिखी। बीच में इतना रास्ता छूटा था कि पैदल राहगीर मुश्किल से निकल सकें।
बॉक्स से होजरील गायब
कचहरी परिसर की अग्निशमन व्यवस्था नाकाफी है। परिसर में जगह-जगह वाटर हाइड्रेंट तो लगे हैं, लेकिन कई बॉक्स में होजरील नहीं दिखी। कुछ वाटर हाइड्रेंट में छोटी पाइप लगी नजर आई। परिसर में संकरे रास्ते भी आपात स्थिति में बाधा बन सकते हैं। बचाव इंतजामों को दुरुस्त करने के साथ जागरूकता अभियान की भी जरूरत है।
पेयजल के इंतजाम भी नाकाफी
कचहरी परिसर में पेयजल के इंतजाम अपर्याप्त हैं। रेजिडेंसी वाले रास्ते से अंदर आने पर शुरुआत में लगा वाटर फ्रीजर खराब पड़ा है। वादकारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। काॅमर्शियल कोर्ट के पास भी एक वाटर फ्रीजर खराब है। रोडवेज वर्कशॉप मार्ग वाले गेट पर पिंक शौचालय के पास लगा वाटर कूलर ठीक है, पर उसका बॉक्स डोरी से बांधा गया है।
खराब वाटर फ्रीजर, बिना होजरील का बॉक्स व कचहरी के बाहर खड़े बेतरतीब वाहन।
खराब वाटर फ्रीजर, बिना होजरील का बॉक्स व कचहरी के बाहर खड़े बेतरतीब वाहन।
खराब वाटर फ्रीजर, बिना होजरील का बॉक्स व कचहरी के बाहर खड़े बेतरतीब वाहन।