चिनहट। वास्तुखंड स्थित कठौता का पुरवा निवासी सब्जी विक्रेता मनीष कुमार राजपूत (23) का शव बृहस्पतिवार सुबह कठौता झील के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। परिजनों ने मनीष की हत्या की आशंका जताते हुए उसके दोस्तों से पूछताछ की मांग की है।
मनीष की बहन पूजा के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 10 बजे भाई दोस्त बॉबी मौर्य के साथ घर से निकला था। दोपहर करीब 12 बजे वह घर लौटा था और बॉबी के बुलाने पर दोबारा उसके साथ चला गया। देर रात तक मनीष के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे बॉबी मनीष के बहनोई बबलू के घर पहुंचा और बताया कि मनीष का शव कठौता झील के पास झाड़ियों में पड़ा है। परिजन बॉबी के साथ मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मनीष नशे का आदी था। घटनास्थल से इंजेक्शन और नशीला पदार्थ मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चल सकेगी। मनीष के पिता मजदूरी करते हैं। वह चार बहनों में मनीष इकलौता भाई था।