लखनऊ। कैंट के कटाई पुल के पास सोमवार शाम दूध लेने जा रहे सब्जी विक्रेता कौसर (46) की तेज रफ्तार डाले से टक्कर हो गई। हादसे में उनकी मौत हो गई। कैंट के रफी अहमद किदवई मार्ग पर कटाई पुल निवासी कौसर घर के पास सब्जी का ठेला लगाते थे। बेटे फरदीन ने बताया पिता शाम सात बजे दूध लेने पैदल जा रहे थे। घर से थोड़ी ही दूर पर तेज रफ्तार पिकअप डाले की टक्कर से वह उछलकर सिर के बल दूर जा गिरे। हादसे के बाद लोगों ने डाला को किसी तरह रुकवाया, लेकिन इसका चालक चकमा देकर भाग निकला।
विज्ञापन
मौके पर पहुंचे घरवाले कौसर को ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। एसओ कैंट गुरप्रीत कौर का कहना है कि तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। डाले के नंबर की मदद से उसके मालिक व चालक का पता लगाया जा रहा है। कौसर के परिवार में पत्नी रूबी, दो बेटे और एक बेटी है।