मलिहाबाद। रहीमाबाद-माल मार्ग पर रविवार शाम बाइक सवार दंपती व उनके मासूम बेटे को सामने से वैन ने टक्कर मार दी। घायलों को अस्पताल भेजा गया, पर रास्ते में तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भाग निकला।
उन्नाव के औरास कटरा रवि, पत्नी रेनू और 3 साल के बेटे रौनक को लेकर रविवार को बाइक से ससुराल सीतापुर में महमूदाबाद के गनेशपुर जा रहे थे। रहीमाबाद-माल रोड पर ससपन गांव के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार वैन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
बाइक से गिरकर दंपती व मासूम घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने अस्पताल भेजा, पर रास्ते में ही रौनक की मौत हो गई। घायल दंपती का इलाज चल रहा है। एसओ अनुभव सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। रौनक रवि का इकलौता बेटा था। हादसे की खबर पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।