लखनऊ। दुकान बंद कर स्कूटी से लौट रहे दुकानदार को टक्कर मारकर बाइक सवार बदमाशों ने गिरा दिया। इसके बाद उनको बेरहमी से पीटा और 50 हजार रुपये लूटकर बदमाश भाग निकले। घायल को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मड़ियांव के मुतक्कीपुर निवासी आसिफ अली की मड़ियांव के भिठौली इलाके में ऑटो पार्टस की दुकान है। शनिवार रात नौ बजे वह दुकान बंद कर स्कूटी से लौट रहे थे। आईआईएम रोड स्थित महर्षि विद्या मंदिर विश्वविद्यालय के पास पीछे से दो बाइक सवार बदमाशों ने उनको टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही आसिफ गिर पड़े और घायल हो गए। इसके बाद बदमाश उनसे रुपये छीनने लगे। विरोध पर लुटेरों ने उनको बेरहमी से पीटा। इसमें आसिफ बेहोश हो गए और बदमाश उनकी जेब में रखे 50 हजार रुपये लूट ले गए।
राहगीरों ने उनको बेहोशी की हालत में देखा तो नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया और उनके मोबाइल फोन से परिजनों को खबर दी गई। फिलहाल घायल आसिफ का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दुकानदार से लूटपाट के संबंध में इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र ने बताया कि एक सप्ताह पहले पीड़ित की एक कंपनी के कर्मचारी से कहासुनी हुई थी। आशका है िक उसकी विवाद कोे लेकर मारपीट हुई है। लूट का आरोप गलत है। जांच की जा रही है।