कोल्ड चेन सेंटर से 40 मिनट पहले बूथ पर पहुंचेगी वैक्सीन
लखनऊ। कोरोना वैक्सीन के लिए अस्पतालों में बनाए गए बूथ पर करीब 40 मिनट पहले वैक्सीन पहुंचेगी। 16 जनवरी को 12 अस्पतालों को नौ कोल्ड चेन सेंटर से वैक्सीन भेजी जाएगी।
राजधानी में पहले 21 कोल्ड चेन बनाए गए थे। लेकिन टीकाकरण के लिए अस्पतालों की संख्या घटने के बाद सिर्फ नौ कोल्ड चेन सेंटर पर वैक्सीन भेजी गई है। शुक्रवार दोपहर बाद ऐशबाग वैक्सीन डिपो से पांच वाहनों से सेंटर को वैक्सीन भेजी गई। कोविशील्ड वैक्सीन की 11 वायल हर अस्पताल के लिए भेजी गई है। एक वॉयल में 10 डोज हैं। हर अस्पताल में एक वॉयल अतिरिक्त भेजी गई है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि किसी तरह की समस्या होने अथवा डोज नुकसान हो जाने की स्थिति में टीकाकरण प्रभावित ना हो।
सुबह नौ बजे से टीकाकरण करने वाली टीम को बुलाया गया है। इसलिए वैक्सीन 8:20 बजे कोल्ड चेन से बाहर निकाल कर संबंधित सेंटर के लिए रवाना की जाएगी। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि वैक्सीन सभी कोल्ड चेन सेंटर तक सुरक्षित पहुंच गई है। वहां कोल्ड चेन भी व्यवस्थित कर लिया गया है।
इन संस्थानों-अस्पतालों में 16 जनवरी को होगा टीकाकरण
केजीएमयू, एसजीपीजीआई, लोहिया संस्थान, बलरामपुर अस्पताल, वीरांगना अवंतीबाई अस्पताल, चिनहट, माल एवं मोहनलालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण होगा। निजी क्षेत्र में एरा मेडिकल कॉलेज, टीएस मिश्रा मेडिकल कॉलेज, सहारा, मेदांता हॉस्पिटल शामिल हैं।