रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) में नौकरी का ख्वाब देख रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर। आरपीएफ में मई 2018 में उपनिरीक्षक और कांस्टेबल के पदों में भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने तैयारी शुरू कर दी है।
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन इलाहाबाद की बात करें तो यहां 277 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया की जाएगी। इन रिक्त पदों का ब्योरा एनसीआर प्रशासन ने रेलवे बोर्ड को पूर्व में भेज दिया है।
वर्तमान समय रेलवे द्वारा ग्रुप सी और डी के रिक्त पड़े 90 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया की जा रही है। इन पदों के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने आवेदन मांगे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि शनिवार 31 मार्च है। एक अनुमान के मुताबिक इन पदों के लिए तकरीबन ढाई करोड़ आवेदन आरआरबी को मिल चुके हैं।
इस बीच रेलमंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर 20 हजार और पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। इसमें नौ हजार से अधिक पद रेलवे सुरक्षा बल एवं रेलवे सुरक्षा विशेष बल के हैं। शेष पद ग्रुप सी और ग्रुप डी के हैं। इसकी अधिसूचना मई माह में जारी होगी। इसमें एनसीआर जोन में एसआई के 24 एवं कांस्टेबल के 253 पद होने की संभावना है।