कानपुर चकेरी के सनिगवां में शनिवार आधी रात के बाद एक निर्माणाधीन घर पर धावा बोल पांच बदमाशों ने पति को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और पत्नी से गैंगरेप और लूटपाट की। बदमाश घर में रखे 31 हजार रुपये, बिछिया, पायल, मोबाइल लूट ले गए।
पति ने रविवार तड़के पड़ोसी के फोन से 100 नंबर पर सूचना दी, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची तब वह सनिगवां चौकी पहुंचा। सनिगवां चौकी इंचार्ज रविशंकर त्रिपाठी ने कहा, आज संडे है कल आना।
दोपहर तक पुलिस मामला छिपाती रही और आला अफसरों को भी सूचना नहीं दी। गैंगरेप का मामला होने के बाद भी फोरेंसिक टीम तक को नहीं बुलाया और पति को हड़काकर चोरी में तहरीर ले ली। बाद में मीडिया तक मामला पहुंचने पर अफसर हरकत में आए।
देर शाम एसएसपी शलभ माथुर मौके पर पहुंचे और घटना छिपाने पर चकेरी इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही रेप और डकैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया।
सनिगवां के वारिस नगर में महबूब अहमद का मकान बन रहा है। महबूब सऊदी अरब में नौकरी करता है। कानपुर देहात के गजनेर का रहने वाला राजमिस्त्री मकान बना रहा है, देख-रेख के लिए वहीं रहता भी है। दो दिन पहले उसकी पत्नी (38) भी आ गई थी।