उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बृहस्पतिवार को चक्रवाती तूफान मोंथा के असर दिखाई दिया। राजधानी लखनऊ समेत झांसी, उरई, हमीरपुर, अमेठी, बाराबंकी, कानपुर आदि में झोंकेदार हवाओं के साथ पूरे दिन कहीं धीमी तो कहीं भारी बारिश देखने को मिली।
बृहस्पतिवार को झांसी में सर्वाधिक 47.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं उरई में 40 मिमी, हमीरपुर में 24 मिमी और लखनऊ में 22.9 मिमी बारिश हुई। बारिश और हवाओं के जोर से तापमान में गिरावट की बात करें तो बाराबंकी, झांसी और अमेठी में अब तक के तापमापन मापन के इतिहास में अक्तूबर माह में दिन का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।
बृहस्पतिवार को बाराबंकी में 22.5 डिग्री, झांसी में 22 डिग्री और अमेठी में 23.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड हुआ। माैसम विभाग ने शुक्रवार के लिए पूर्वांचल के गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया में गरज चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी किया है। साथ ही शुक्रवार की सुबह तक यूपी के 17 जिलों में भारी बारिश और 31 जिलों में गरज चमक और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मोंथा तूफान का असर शनिवार तक कमजोर पड़ जाएगा और दो नवंबर से माैसम साफ होने के संकेत हैं। इसके बाद दिन के पारे में एक बार फिर से बढ़त देखने को मिलेगी।