फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: अयोध्या-रायबरेली सहित कई जिलों में कार्तिक पूर्णिमा स्नान शुरू, गंगा-सरयू में उमड़ी भक्तों की आस्था

Tue, 24 Nov 2026 08:59 AM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

सार

कार्तिक पूर्णिमा का स्नान शुरू हो गया है। अयोध्या के सरयू तट पर लाखों ने पवित्र सरयू में डुबकी लगाई। रायबरेली के गंगा घाटों पर भी भीड़ देखी गई। 
विज्ञापन
कार्तिक पूर्णिमा का स्नान। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को रामनगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही सरयू के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं ने सरयू में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद घाटों पर गोदान किया और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर दान-पुण्य किया। इसके बाद श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतार लगी रही।

विज्ञापन


तीर्थ पुरोहित करन पांडे ने कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू स्नान का धार्मिक महत्व बताते हुए कहा कि इस दिन पवित्र नदी में स्नान, दान और पूजन की विशेष मान्यता है। श्रद्धालुओं ने घाटों पर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी लगातार घाटों पर तैनात रहे और भीड़ को व्यवस्थित करते नजर आए। बाहरी जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। सरयू स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

विज्ञापन


 जगतपुर में बैरिकेडिंग, डलमऊ जाने वाले भारी वाहनों पर तीन दिन रोक
 डलमऊ में कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित गंगा स्नान और मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है। जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर बैंक ऑफ बड़ौदा बाईपास के अंडरपास के पास बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहनों को डलमऊ की ओर जाने से रोका जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर डलमऊ गंगा घाट पर रायबरेली समेत आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। मेले के दौरान जाम की समस्या और किसी भी संभावित सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। पुलिस के अनुसार, डलमऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर यह प्रतिबंध तीन दिनों तक प्रभावी रहेगा। 

Trending Videos

मुख्यमंत्री योगी ने कार्तिक पूर्णिमा पर दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व श्रद्धा, भक्ति, दान और लोककल्याण का संदेश देता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया और भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था। इसे देव दीपावली भी कहते हैं। 

विज्ञापन

कार्तिक मेले में फिर बढ़ा रामलला का खजाना

सरयू तट पर स्नान का नजारा। - फोटो : अमर उजाला।
 रामलला के दरबार में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद दान में आई गिरावट अब श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद के साथ धीरे-धीरे दूर होती नजर आ रही है। कार्तिक मेले में रामलला के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ का असर चढ़ावे पर भी पड़ा है। 11 से 22 नवंबर के बीच 12 दिनों में रामलला को दो करोड़ रुपये से अधिक का दान प्राप्त हुआ। इस दौरान प्रतिदिन औसतन 20 से 25 लाख रुपये का चढ़ावा आया। कुछ महीने पहले यही दान घटकर पांच से आठ लाख रुपये प्रतिदिन तक पहुंचने की जानकारी सामने आई थी।

दरअसल, राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद नकद दान में गिरावट दर्ज की गई थी। इससे पहले जून में प्रतिदिन 20 से 24 लाख रुपये तक का दान बैंक में जमा हो रहा था, लेकिन जुलाई में इसमें बड़ी गिरावट आई। कुछ दिनों में दान की रकम पांच से आठ लाख रुपये तक सिमट गई थी। जुलाई के शुरुआती दिनों में भी दान की राशि में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। नकद चढ़ावे में बड़े नोटों की संख्या कम होने और 10, 20 व 50 रुपये के नोटों की संख्या बढ़ने की भी चर्चा रही। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के ऑनलाइन और रसीद के माध्यम से दान देने की प्रवृत्ति बढ़ने की बात भी सामने आई थी।

अब कार्तिक मेले में तस्वीर बदलती नजर आ रही है। राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, 11 से 22 नवंबर के बीच प्रतिदिन एक से सवा लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। वहीं, 17 से 21 नवंबर तक 14 कोसी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या प्रतिदिन डेढ़ लाख से पौने दो लाख तक पहुंच गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन के साथ दानपात्र में भी चढ़ावा अर्पित किया। चढ़ावा चोरी की घटना के बाद मंदिर में दान की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें