उन्होंने कहा कि 67.03 एकड़ भूमि इस ट्रस्ट को दे दी जाएगी और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशन में राम मंदिर का निर्माण होगा। पीएम ने बताया कि राम मंदिर के लिए वृहद योजना बनाई गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि इस ऐतिहासिक क्षण में हम सभी सदस्य मिलकर अयोध्या में श्रीराम धाम के जीणोद्धार के लिए, भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए, एक स्वर में अपना समर्थन दें। इस दौरान संसद भवन में जय श्री राम के नारे भी लगे।
अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के लिए न्यास (ट्रस्ट) के गठन की घोषणा के साथ ही ट्रस्ट के अध्यक्ष पद के लिए भी रेस शुरू हो गई है। इसमें सबसे ऊपर महंत नृत्य गोपाल दास का नाम चल रहा है।
अयोध्या के साधु-संतों से लेकर विश्व हिंदू परिषद की तरफ से उम्मीद जाहिर की जा रही है ट्रस्ट का अध्यक्ष पद महंत नृत्य गोपाल दास को दिया जा सकता है।
आंदोलन में शामिल सभी लोगों को मिले ट्रस्ट में जगह
इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद के प्रान्तीय मीडिया प्रभारी शरद कहते हैं कि ट्रस्ट की घोषणा संसद के अंदर पीएम मोदी ने कर दी है। सबकी आशा है कि राम मंदिर न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ट्रस्ट के अध्यक्ष हो सकते हैं। हालांकि फैसला सरकार को ही करना है।
उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि रामलला का भव्य और दिव्य मंदिर सामने आएगा। ट्रस्ट में शामिल सदस्यों को लेकर उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन में शामिल होने वाले सभी लोगों को ट्रस्ट में शामिल किया जाना चाहिए।
शरद ने कहा कि संतों की इस आंदोलन में बड़ी भूमिका रही है। ऐसे तमाम संत हैं, जो ट्रस्ट में शामिल हो सकते हैं। लेकिन ट्रस्ट का दायरा तय करने का काम गृह विभाग का है।