राजधानी में अगले 48 घंटे तक मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं। दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार और रविवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, 23 नवंबर से मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। इससे रात और सुबह के समय ठंड बढ़ेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल राजधानी में आसमान साफ रहने की संभावना है। अगले दो दिन मौसम शुष्क रहेगा। शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। ऐसे में दिन के मुकाबले रात का तापमान अभी अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है।
पूर्वांचल में बारिश के आसार हैं लेकिन लखनऊ में मौसम साफ रहेगा। 23 नवंबर से न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ''अकवन'' ने शुक्रवार सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को गोपालपुर के पास पार कर लिया। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच तट से टकराया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के राष्ट्रीय बुलेटिन के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे तूफान दक्षिणी तटीय ओडिशा और उससे सटे उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर केंद्रित था। इसका केंद्र गोपालपुर के पास 19.2 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.8 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था।
यह कलिंगपट्टनम से करीब 120 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, पुरी से 130 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम और विशाखापत्तनम से 230 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था। मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा में ओडिशा की ओर आगे बढ़ेगा। अगले तीन घंटे में इसके कमजोर होकर गहरे अवदाब और उसके बाद अगले छह घंटे में अवदाब में बदलने की संभावना है। तट पार करने के बाद दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट संदेश जारी किया है।