रुपईडीहा से यात्रियों को लेकर एक प्राइवेट बस खैरीघाट के बेहड़ा बाजार जा रही थी। बेलहा-बेहरौली तटबंध पर अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार चालीस यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल मां-बेटी समेत पांच यात्रियों को सीएचसी शिवपुर से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है जबकि दस घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है। अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
रुपईडीहा से एक प्राइवेट बस 40 यात्रियों को लेकर खैरीघाट थाना क्षेत्र के बेहड़ा बाजार जा रही थी। रास्ते में बेलहा-बेहरौली तटबंध के शिवपुर टिकनपुरवा गांव के निकट अचानक बस अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलट गई। बस पलटते ही चीखपुकार मच गई। चीखपुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक खैरीघाट पंकज सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायल यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरीघाट में भर्ती कराया गया। वहां से बेहड़ा निवासी जिमींदार (55), रुपईडीहा निवासी सरोज कुमारी (32), मटेरा कला निवासी नूरजहां (32) व उनकी बेटी हुस्न बानो (7) और रायपुर निवासी मोहम्मद अतीक (35) को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसके साथ ही घायल रामकुमार, राधा देवी, छोटकई, मेड़ई, रफीक, शबा, ओमकार, रिंका देवी, लीलावती, बालकराम का इलाज सीएचसी में चल रहा है। एसपी डॉ. विपिन मिश्रा ने बताया कि यात्रियों के इलाज के साथ बचाव का कार्य कराया जा रहा है। हादसे के कुछ घायलों को मामूली चोट आई है।