रोचक तथ्य ये भी है कि यूपी के बीए-बीएससी के छात्र तो काबिल हैं, लेकिन बीकाॅम में नहीं हैं। रोजगार की दृष्टि से देशभर में तमिलनाडु, महाराष्ट्र, केरल, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक शीर्ष राज्य बनकर उभरे हैं। वहीं केरल और तमिलनाडु क्षेत्रीय रोजगार में अव्वल हैं। इंडिया स्किल रिपोर्ट के मुताबिक युवा फोर्स के इस ट्रांसफाॅर्मेशन में इंटरनेट क्रांति, बेहतर तकनीकी और प्रशिक्षण संस्थानों के साथ सरकारों द्वारा शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।रिपोर्ट के निष्कर्ष से उजागर हुआ कि सबसे अधिक रोजगार योग्य 22-25 आयु वर्ग के युवा अपने क्षेत्रों से करीब से जुड़े हैं।
इसी वजह से उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्य अपनी मजबूत प्रतिभा भंडार के कारण चमक रहे हैं। कंप्यूटर दक्षता में उत्तर प्रदेश सबसे आगे (100%) है और महाराष्ट्र में भी उच्च कम्प्यूटर दक्षता दर है। बीटेक छात्र किस राज्य के सबसे ज्यादा काबिल हैं? इस कसौटी पर उत्तर प्रदेश के 94 फीसदी छात्रों ने 60 फीसदी अंक हासिल करने में सफलता पाई। केरल के 91 फीसदी छात्रों को 60 फीसदी से ज्यादा अंक मिले।
आंध्र प्रदेश के लगभग 85 फीसदी छात्रों ने 60 फीसदी से ज्यादा अंक प्राप्त किए। तमिलनाडु के 74 फीसदी छात्र ही इस लक्ष्य तक पहुंच सके। सबसे काबिल बीसीए (बैचलर ऑफ कम्प्यूटर एप्लीकेशन), बीएससी (बैचलर ऑफ साइंस) और बीबीए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) की कसौटी में भी यूपी के छात्रों ने शीर्ष तीन से चार राज्यों की फेहरिस्त में जगह बनाई है।
बीसीए में केरल शीर्ष पर, आंध्र प्रदेश दूसरे और उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र और दिल्ली को यूपी ने पीछे कर दिया है। बीएससी में यूपी टॉप पर है। इसके बाद केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश हैं। बीबीए में गुजरात शीर्ष पर है। दूसरे पर केरल और तीसरे पर यूपी है। रिपोर्ट के मुताबिक ये बदलाव यूपी की मजबूत शिक्षा प्रणाली को प्रदर्शित करता है।
आईटीआई, एमसीए व एमएससी में सुधार की जरूरत
रिपोर्ट के मुताबिक आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों) को अपग्रेड करने की जरूरत है। यूपी के आईटीआई की तुलना में गुजरात, आंध्र प्रदेश, केरल, दिल्ली और तमिलनाडु के संस्थान बेहतर हैं। इसी तरह एमसीए (मास्टर ऑफ कम्प्यूटर एप्लीकेशन) और एमएससी (मास्टर ऑफ साइंस) में भी यूपी के युवा शीर्ष पांच के बजाय शीर्ष दस राज्यों में हैं।