यूपीएसएसएससी : अभिलेख परीक्षण का कार्यक्रम स्थगित - नए सिरे से जारी होगा अभिलेख परीक्षण कार्यक्रम - सेक्रेटरी, वीडीओ व समाज कल्याण पर्यवेक्षक भर्ती अमर उजाला ब्यूरो लखनऊ। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने ग्राम पंचायत अधिकारी (सेक्रेटरी), ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ )- समाज कल्याण व समाज कल्याण पर्यवेक्षक भर्ती- 2018 के अंतर्गत अभिलेख परीक्षण व सत्यापन से संबंधित कार्यवाही अगली सूचना तक स्थगित कर दी है। आयोग के सचिव आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया है कि लिखित परीक्षा के आधार पर अभिलेख परीक्षण के लिए जिन अभ्यर्थियों को 19 मार्च से 2 अप्रैल के बीच बुलाया गया था, उनके अभिलेख परीक्षण/ सत्यापन संबंधी कार्यवाही 18 मार्च के आदेश के जरिए स्थगित की गई थी। लेकिन, कोरोना वायरस के संक्रमण से संबंधित कोविड-19 महामारी से बचाव और रोकथाम के मद्देनजर सरकार की ओर से 14 अप्रैल तक लॉकडाउन का आदेश प्रभावी है। ऐसे में 3 अप्रैल से 2 जून 2020 तक अभिलेख परीक्षण व सत्यापन की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई है। इस तरह अभिलेख सत्यापन संबंधी पूरा कार्यक्रम स्थगित हो गया है। अग्निहोत्री ने बताया है अभिलेख परीक्षण व सत्यापन संबंधी कार्यक्रम अब नए सिरे से जारी होगा।
महेंद्र