अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी
- फोटो : amar ujala
प्रदेश के प्रतिष्ठित स्थानों की सुरक्षा के लिए गठित उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपी एसएसएफ) अस्तित्व में आ गई है। बृहस्पतिवार को पहली बार इस फोर्स को ड्यूटी में लगाया गया। इसकी वर्दी सीआईएसएफ के पैटर्न पर बनी है। हालांकि इस बल की नियमावली को मंजूरी अभी नहीं मिली है।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि फिलहाल यूपी एसएसएफ के एक बटालियन के गठन किया गया है। कुल पांच बटालियन का गठन होना है। इसकी विस्तृत नियमावली तैयार की जा रही है। जल्द ही कैबिनेट से इसका अनुमोदन लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बल में अधिकारियों की भी पोस्टिंग कर दी गई है। कमांडेंट और सहायक कमांडेंट तैनात किए जा चुके हैं।
पहले चरण में बननी है पांच बटालियन
उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद पिछले साल यूपी एसएसएफ की रूपरेखा तैयार की गई थी। पहले चरण में इसकी पांच बटालियन गठित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए 100 करोड़ से अधिक का खर्च अनुमानित है। एसएसएफ अदालतों की सुरक्षा के साथ ही धार्मिक स्थल अयोध्या, काशी, मथुरा, ताजमहल, मेट्रो, सचिवालय और एयरपोर्ट पर इसकी तैनाती की जाएगी। फिलहाल एक बटालियन का गठन प्रतिनियुक्ति के आधार पर पीएसी से लिए गए बल से किया गया है।