परिवहन निगम 450 नई बस चेसिस खरीदेगा। इनमें 50 बसें स्लीपर बनाकर चलाई जाएंगी। जिनमें अधिकतर का संचालन लखनऊ-दिल्ली के बीच होगा।
वहीं चेकिंग के दौरान बस में एक भी बेटिकट यात्री के पाए जाने पर भी कंडक्टर की नौकरी चली जाएगी। परिवहन निगम निदेशक मंडल ने इन प्रस्तावों पर मंगलवार को मंजूरी दे दी।
निगम के प्रबंध निदेशक मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि निगम ने निदेशक मंडल की बैठक में 900 नई बसों को खरीदने का प्रस्ताव पेश किया था।
लेकिन अध्यक्ष अनूप मिश्र ने बस आय एवं व्यय और लोड फैक्टर की समीक्षा करने के बाद सिर्फ 450 नई बसों को बेड़े में शामिल करने के लिये चेसिस खरीदने को हरी झंडी दे दी।
चित्रकूट में अंतर्राज्यीय टर्मिनल
परिवहन निगम ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित चित्रकूटधाम में अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल बनाने का फैसला लिया है। इसके लिये निदेशक मंडल ने छह एकड़ जमीन खरीदने की मंजूरी दी है। वहीं शाहजहांपुर के जलालाबाद डिपो को सुधारने के लिये 50 लाख रुपये मंजूर हुए।
क्षेत्रीय प्रबंधकों को चेतावनी
परिवहन निगम की आय कराने में मेरठ परिक्षेत्र सबसे पीछे है। इसके बाद लखनऊ, सहारनपुर, देवीपाटन, आजमगढ़, अलीगढ़, मुरादाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक निगम की आय बढ़ाने में नाकाम साबित हुए हैं। जबकि क्षेत्रीय प्रबंधक यात्रियों वाले रूट पर बस का डायवर्जन करके निगम की आय बढ़ा सकते हैं। ऐसे क्षेत्रीय प्रबंधकों को चेतावनी दी गई है।