समाज कल्याण विभाग द्वारा गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में संचालित आवासीय कोचिंग से निशुल्क प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे 2 अभ्यर्थियों और अभ्युदय योजना के अंतर्गत मॉक इंटरव्यू देने वाले 4 अभ्यर्थियों का चयन सिविल सेवा परीक्षा (यूपीएससी) 2025 में हुआ है। सभी चयनित अभ्यर्थियों को समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बधाई दी है।
असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयास है कि हर मेधावी युवा को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध हों। वहीं समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भागीदारी कोचिंग स्थित आवासीय कोचिंग से विमल कुमार को 107वीं और विपिन देव यादव को 316वीं रैंक मिली है। वहीं भागीदारी भवन आवासीय कोचिंग एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत मॉक इंटरव्यू में शामिल मानसी को 444वीं, महेश जायसवाल को 590वीं, अदिति सिंह को 859वीं और तनीषा सिंह को 930वीं रैंक मिली है।
बता दें कि समाज कल्याण विभाग द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए भागीदारी भवन में आवासीय कोचिंग का संचालन किया जा रहा है। यहां सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के साथ ही इंटरव्यू के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाते हैं, जहां विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ आईएएस और पीसीएस अधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। अभ्यर्थियों को निशुल्क आवासीय सुविधा ,भोजन, पुस्तकालय, ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लासेज की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।