लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी में सोमवार शाम किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इससे इमरजेंसी में अफरातफरी मच गई। चिकित्सकीय कार्य बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी परिजन भिड़ गए। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। वहीं, डॉक्टरों का कहना है कि परिजन किशोरी को मृत अवस्था में लेकर पहुंचे थे।
16 वर्षीय समीरा खान को शाम करीब साढ़े पांच बजे इमरजेंसी में लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी। किशोरी की मौत से गुस्साए परिजनों ने इलाज को लेकर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में इमरजेंसी परिसर में भीड़ जुट गई। हंगामे से वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों में भी असहज स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और परिजनों के बीच नोकझोंक भी हुई। सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि मरीज को मृत अवस्था में लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के आधार पर उसे मृत घोषित किया। घटना के कारण कुछ देर तक इमरजेंसी की सामान्य व्यवस्था प्रभावित रही।