युवक की मौत मामले में परिजन ने थाने में किया हंगामा
सरोजनीनगर। सरोजनीनगर में 12 मई को हुई गहरू निवासी पिकअप चालक गोपाल (35) की मौत के मामले में मंगलवार को घरवाले दोपहर दो बजे थाने पहुंच गए। मामले में सात अन्य आरोपियों की गिरफ्तार की मांग कर हंगामा करने लगे। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन देकर शांत कराया। मामले में पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
बता दें कि 11 मई की रात में गोपाल के पिकअप से तार टूट जाने के कारण आरोपियों ने उनके घर में विवाद किया था। भारी वस्तु से गोपाल के सिर पर प्रहार कर दिया था। 12 मई को गोपाल की मौत हो गई थी। पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले की धारा को गैर इरादतन हत्या के प्रयास में तरमीम कर दिया था।
मामले में अभी तक अन्य सात आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज गोपाल के भतीजे दीपक व अन्य घरवाले मंगलवार को थाने पहुंचे। आरोप है कि आरोपी उन्हें व परिवार को धमकी दे रहे हैं। दरोगा केके मिश्रा के मुताबिक कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया गया।