लखनऊ। इंदिरानगर के निजी अस्पताल में प्रसव के बाद रविवार शाम प्रसूता की मौत हो गई। पति ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और वसूली का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने सीएमओ कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
सीतापुर के माधवपुर बिसवन निवासी चांद बाबू पत्नी शाजिया (28) के साथ मुंशीपुलिया में रहते हैं। चांद बाबू ने बताया कि रविवार को शाजिया को प्रसव पीड़ा हुई। उन्होंने उन्हें इंदिरानगर के शिवा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शाजिया ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन कुछ देर बाद उनका पेट फूलने लगा और सूजन आ गई।
प्रसूता की हालत बिगड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने ऑपरेशन के लिए 50 हजार रुपये और वसूल लिए। ऑपरेशन के बाद भी शाजिया की हालत नहीं सुधरी। बीपी और पल्स लगातार गिरती चली गई। पति का आरोप है कि मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने शाजिया को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति ने बताया कि प्रसव और ऑपरेशन के नाम पर 90 हजार रुपये वसूल लिए गए।
घटना से नाराज परिजन शव लेकर फिर शिवा अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे। पति ने एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में अस्पताल के दोषी पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज करने की संस्तुति की जाएगी।