धर्मस्थल केवल आस्था नहीं, बल्कि राष्ट्रचेतना के भी केंद्र
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर को सम्मान दिया। पीएम मोदी ने लोकमाता की भव्य प्रतिमा काशी विश्वनाथ धाम में स्थापित कराई। समाजवादी पार्टी लोकमाता के नाम पर गुमराह कर रही है। यह लोग राम मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर का विरोध और ऐसे तत्वों को प्रश्रय देते हैं। उनकी यह प्रवृत्ति दिखाती है कि आस्था के प्रति इनके मन में सम्मान नहीं है। सपा सरकार ने कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा को रोक दिया था।
प्रतिपक्ष के दलों ने अपने समय में दीपोत्सव, रंगोत्सव कार्यक्रम को रोका था। कांग्रेस ने उच्चतम न्यायालय में कहा था कि श्रीराम-श्रीकृष्ण मिथक थे। सपा ने रामभक्तों पर गोलियां चलाई थीं। मंदिर निर्माण के मार्ग में बाधा पैदा करने के लिए अधिवक्ता तैयार किए थे, लेकिन हम लोग कहते हैं कि हिंदुस्तान में भारत की आस्था को कोई कैद नहीं कर सकता है। आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है। देश-प्रदेश से हर दिन लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं। धर्मस्थल केवल आस्था नहीं, बल्कि राष्ट्रचेतना के भी केंद्र हैं।
यूपी की पहचान अब दीपोत्सव, देव दीपावली व रंगोत्सव से
सीएम योगी ने कहा कि यूपी की पहचान अब दीपोत्सव, देव दीपावली, रंगोत्सव से होती है। यह केवल आयोजन नहीं, बल्कि इसने भारत के आध्यात्मिक गौरव के वैश्विक उत्सव के रूप में पहचान बनाई है। आज हर भारतीय अयोध्या के दीपोत्सव, काशी के देव दीपावली और मथुरा-वृंदावन के रंगोत्सव से आत्मिक भाव से जुड़ा है।
तीन नई पीएसी बटालियन के गठन के लिए हो रहा कार्य
सीएम योगी ने कहा कि 17 नगर निगम व गौतमबुद्ध नगर में सेफ सिटी की परियोजना लागू है। प्रदेश में यूपी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स की छह वाहिनी कार्यरत हैं। दंगाइयों की काल पीएसी को पिछली सरकारों ने अपने स्वार्थ के कारण बंदी के कगार पर पहुंचा दिया था, लेकिन हमने पीएसी की 34 कंपनियों को फिर से पुनर्जीवित किया है। यूपी पीएसी में पहली बार तीन महिला बटालियन (वीरांगना झलकारी बाई, अवंती बाई और ऊदा देवी) गठित हुई है। तीन नई पीएसी बटालियन के गठन के लिए तेजी से कार्य हो रहा है।