केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) ने राम वनगमन मार्ग के पैकेज-2 में निर्माण करने वाली दिल्ली की ठेकेदार फर्म एसएंडपी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स को एक महीने के लिए अस्थाई रूप से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। इस अवधि में यह फर्म मोर्थ, एनएचएआई के साथ ही केंद्र सरकार की किसी भी सड़क परियोजना की बिडिंग में शामिल नहीं हो पाएगी।
मोर्थ के अधीक्षण अभियंता (नार्थ-दो) तनवीर एच. पानीवाला ने शनिवार को ठेकेदार को निलंबित किए जाने का आदेश जारी किया। यहा बता दें कि मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद एक्सईएन को सस्पेंड कर दिया गया। यूपीपीडब्ल्यूडी ने मोर्थ को ठेकेदार फर्म को भी काली सूची में डालने के लिए लिखा था। मामले में क्वालिटी की जांच करने वाली फर्म को पहले ही ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है।