सचिवालय व सरकारी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू होगा। इसी तरह दिहाड़ी मजदूरों के भरण-पोषण को लेकर वित्त मंत्री की अध्यक्षता वाली समिति शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है। इस संबंध में भी जल्दी ही एलान हो सकता है। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि सरकारी दफ्तरों में वर्क-फ्रॉम-होम व्यवस्था के संबंध में विभागाध्यक्ष निर्णय करेंगे। किन कर्मियों को ऑफिस बुलाना है, किन्हें नहीं, यह विभागाध्यक्ष तय करेंगे। जो कर्मचारी-अधिकारी घर पर रहेंगे, वे ई-मेल व व्हाट्सएप पर उपलब्ध रहेंगे।
जरूरत पड़ने पर उन्हें ऑफिस बुलाया जा सकेगा। घर पर रहने के समय जो काम दिया जाएगा, उसे समय से पूरा करना होगा। इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी हो जाएगा। सचिवालय में पांच दिनी कार्यदिवस की वजह से शनिवार व रविवार को अवकाश रहता है। ऐसे में यह व्यवस्था सोमवार से ही लागू हो पाएगी।
इसी तरह दिहाड़ी मजदूरों के भरण-पोषण के संबंध में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में गठित समिति ने गुरुवार को भी बैठक की। शुक्रवार तक कमेटी भरण-पोषण संबंधी राशि व कार्ययोजना तय कर अपनी रिपोर्ट सौंप देगी। इसके बाद इस संबंध में भी आदेश जारी हो जाएगा।