लखनऊ नगर निगम की नायब तहसीलदार से अभद्रता।
- फोटो : amar ujala
नगर निगम की नायब तहसीलदार कुमकुम मिश्रा ने अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) वीरेंद्र कुमार के खिलाफ अभद्रता करने, धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने की एफआईआर दर्ज कराई है। बिजनौर थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुमकुम मिश्रा के अनुसार, 16 फरवरी को वह राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के आदेश पर औरंगाबाद खालसा में ओमेक्स सिटी स्थित तालाब के पुनर्सृजन कार्य के निरीक्षण के लिए गई थीं। इसी दौरान ओमेक्स सिटी निवासी एडिशनल एसपी वीरेंद्र कुमार साथियों के साथ वहां पहुंचे और उनसे अभद्र व्यवहार किया।
आरोप है कि वीरेंद्र कुमार ने मोबाइल छीनकर करीब एक घंटे तक नायब तहसीलदार मिश्रा को बंधक बनाए रखा। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। गाड़ी में बैठकर लौटने लगीं तो गाड़ी का दरवाजा खोलकर रोका, फोटो खींची और वीडियो बनाया। बिजनौर पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें मुक्त किया गया। कुमकुम मिश्रा ने आरोपी पर आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है।