प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आराधना मिश्रा को कांग्रेस विधायक दल के नेता पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह फरेंदा से विधायक चौधरी वीरेंद्र सिंह को विधायक दल का नेता बनाया गया है। विधानसभा की मौजूदा सदस्य सूची में कांग्रेस के दो विधायक आराधना मिश्रा और वीरेंद्र चौधरी दर्ज हैं।
अजय राय को 17 अगस्त 2023 को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी। पांच बार विधायक और पूर्व मंत्री रहे राय ने विभिन्न मुद्दों पर सड़क पर उतरकर संगठन को सक्रिय रखने की कोशिश की। हालांकि वे विधानसभा चुनाव में अपनी पिंडरा सीट से हार गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब उन्हें अपनी विधानसभा में सक्रियता बढ़ाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।
अजय राय और आराधना मिश्रा मोना।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस द्वारा अचानक प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने को लेकर पार्टी के भीतर अलग-अलग चर्चाएं हैं। हालांकि नए अध्यक्ष की घोषणा शुक्रवार को हुई, लेकिन इसकी कवायद और चर्चा दो दिन पहले से ही शुरू हो गई थी। माना जा रहा है कि बदलाव की तैयारी पहले से चल रही थी। अजय राय गठबंधन के मुद्दे पर लगातार सख्त रुख अपनाते रहे हैं, जिससे कई बार असहजता की स्थिति बनी। हाल में अखिलेश यादव की रायबरेली से पीडीए रथयात्रा के जवाब में राय ने इटावा, कन्नौज और सैफई जाने की बात कही थी। लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर भी वे अड़े रहे। बाद में राहुल गांधी और अखिलेश ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर एकजुटता का संदेश दिया था।